चैनपुर/गुमला:- चैनपुर और डुमरी थाना क्षेत्र से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस सूत्रों के हवाले से एक कथित सेक्स रैकेट के खुलासे का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र की कुछ मासूम लड़कियों को बाहर ले जाने की योजना बनाई जा रही थी, जिन्हें कथित रूप से डाल्टनगंज ले जाने की तैयारी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और योजना को समय रहते विफल कर दिया। इस दौरान लड़कियों को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टलने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह गिरोह चैनपुर और डुमरी थाना क्षेत्र में सक्रिय था और पहले भी कई महिलाओं व युवतियों को अपने जाल में फंसा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और इस कथित रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों तथा कथित सफेदपोशों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से अभी तक किसी भी तरह की लिखित या आधिकारिक बयानबाजी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

क्षेत्र में इस खबर के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग प्रशासन से पारदर्शी जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।

Share.
Exit mobile version