Ranchi News : सेंट जेवियर स्कूल डोरंडा, राँची (जूनियर सेक्शन) में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह “चिंगारी जगाएँ, चैंपियन बनें” विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर डीआईजी एससीआरबी राँची वाई.एस. रमेश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं, एसएआर राँची मनीषा तिर्की, फादर अजीत कुमार खेस, डॉक्स प्रेसिडेंट आशीष बुधिया, संत एंथनी स्कूल के प्राचार्य सी. ए. फ्रांसिस, स्कूल के प्राचार्य फा. फुलदेव सोरेंग एवं सुपीरियर फा. सुधीर कुमार कुजूर भी दीप प्रज्वलन में शामिल हुए।
प्राचार्य फादर फुलदेव सोरेंग ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और छात्रों को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अपने भाषण में कहा, “हर छात्र विशेष होता है, हमें उनकी प्रतिभा को पहचानना चाहिए।” उन्होंने मोबाइल का सदुपयोग करने और सकारात्मक संगति में रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या और संगति पर नजर रखने का भी आग्रह किया।
समारोह में कक्षा के.जी. से पाँचवीं तक के विजेता छात्रों को मेडल व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। उन्हें सिर्फ शैक्षणिक प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, करूणा, अनुशासन और परिश्रम जैसे मानवीय गुणों के लिए भी पुरस्कृत किया गया।
इस बीच छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। डॉक्स (पूर्ववर्ती छात्र संघ) ने विजेता छात्रों को किताबें भी भेंट कीं। कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य फा. कुलदीप लिण्डा एस. जे. ने जूनियर सेक्शन की कॉर्डिनेटर उषा मैथ्यू और सभी शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह का समापन स्कूल गीत के साथ हुआ।



