रांची : सर्वधर्म सद्भावना समिति ने वर्ष 2025–26 के दौरान रांची में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में प्रशासनिक सहयोग के लिए नगर आयुक्त रांची सुशांत गौरव, सिटी एसपी रांची पारस राणा एवं अपर नगर आयुक्त रांची नगर निगम संजय कुमार को सद्भावना सम्मान से सम्मानित किया।

समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम के नेतृत्व में सर्वधर्म सद्भावना समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम रांची में अधिकारियों से मुलाकात की और उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर शाल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रांची को एक सुंदर और मॉडल शहर के रूप में विकसित करना उनका सपना है, जिसे जनसहयोग के बिना पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि रांची के लोग सर्वधर्म एकता, भाईचारे और सद्भावना की मिसाल हैं। उन्होंने इस सामाजिक एकता को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए अच्छे कार्यों में प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने भी समिति की सराहना करते हुए समाजहित में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। वहीं समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम ने कहा कि सर्वधर्म सद्भावना समिति समाज और राज्यहित में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Share.
Exit mobile version