New Delhi/Mumbai : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा है कि वह जल्द ही महात्मा गांधी (नई) श्रृंखला में 20 रुपये मूल्यवर्ग के नए नोट जारी करने जा रहा है। इन नए नोटों पर हाल ही में नियुक्त आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे। यह कदम आरबीआई की नियमित मुद्रा अद्यतन प्रक्रिया का हिस्सा है।
आरबीआई ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि यह नया नोट डिज़ाइन, रंग और सुरक्षा विशेषताओं के लिहाज से पहले से चलन में मौजूद 20 रुपये के नोट जैसा ही होगा। केवल अंतर यह रहेगा कि नए नोटों पर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे, जो हाल ही में गवर्नर नियुक्त किए गए हैं।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले जारी किए गए सभी 20 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे और वे भी बाजार में सामान्य रूप से चलते रहेंगे। पुराने और नए दोनों प्रकार के नोट एक साथ चलन में रहेंगे और किसी भी लेन-देन में स्वीकार किए जा सकेंगे।
आरबीआई का यह कदम सिर्फ प्रशासनिक अपडेट का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य करेंसी नोट्स में गवर्नर के हस्ताक्षर को अद्यतन करना है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है जो हर बार नए गवर्नर के कार्यभार ग्रहण करने के बाद की जाती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि आम जनता को इस बदलाव से घबराने की आवश्यकता नहीं है। पुराने 20 रुपये के नोट पूरी तरह से वैध हैं और उन्हें बदलवाने की कोई आवश्यकता नहीं है।



