गुमला/डुमरी :- डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रविंद्र नगर में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक फोर व्हीलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए खेत में जा गिरी। यह घटना नवनीत भगत के घर के समीप घटी, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे उतरकर पास के खेत में गिर गया। हादसे के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त फोर व्हीलर का पंजीकरण संख्या JH10BF7020 बताया गया है, जिसे अभिषेक एक्का (26 वर्ष) चला रहे थे।
हादसे में वाहन में सवार शिवानी टोप्पो (23 वर्ष), पिता रंजीत टोप्पो, को माथे पर गंभीर चोट आई, जबकि प्रज्ञा उरांव (18 वर्ष), पिता मनोज उरांव, को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी युवक-युवतियां रांची जिले के निवासी हैं।
चालक अभिषेक एक्का ने बताया कि वाहन की गति अधिक नहीं थी और वह लगभग 60–70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक उछाल आने से वाहन अनियंत्रित हो गई और खेत में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि सभी लोग नेतरहाट भ्रमण के बाद लोध फॉल होते हुए वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर मदद की। इसके बाद डुमरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
डुमरी से आदित्य कुमार की रिपोर्ट



