अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित सेंटेविटा अस्पताल में महिलाओं के योगदान, नेतृत्व और समर्पण को सम्मानित करने के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल की महिला डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेंटेविटा अस्पताल की कार्यकारी निदेशक रेशमा साहू थीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी संवेदनशीलता, समर्पण और जिम्मेदारी मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना किसी भी समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों ने नृत्य, गायन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इन प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर पर कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसर प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सेंटेविटा अस्पताल की कार्यकारी निदेशक रेशमा साहू को मीडिया समूह प्रभात खबर और मॉल ऑफ रांची द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “वूमेन ऑफ इम्पैक्ट अवार्ड झारखंड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, सामाजिक प्रतिबद्धता और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति उनके निरंतर प्रयासों को मान्यता देता है।
अस्पताल परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि रेशमा साहू का नेतृत्व संस्थान के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके मार्गदर्शन में अस्पताल समाज सेवा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

