अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को खेलों का महाकुंभ कहे जाने वाले चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का शानदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में दीप प्रज्वलित कर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह झारखंड की समृद्ध संस्कृति, लोककला और परंपरा की झलकियों से सजा रहा, जहां स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद झारखंड को इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी करने का अवसर मिला है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के छह देशों भारत, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन न केवल झारखंड की खेल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित भी करेगा।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने हमेशा देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन किया है। चाहे क्रिकेट हो, हॉकी, तीरंदाजी या एथलेटिक्स। यहां के युवाओं में खेल के प्रति समर्पण और उत्साह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि यह चैंपियनशिप राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है और हमें विश्वास है कि हमारे एथलीट अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड और भारत का गौरव बढ़ाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर निरंतर प्रयासरत है। सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड में ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन नियमित रूप से होते रहें ताकि राज्य के खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के समग्र विकास के लिए राज्य में मजबूत आधारभूत संरचनाएं (Infrastructure) तैयार की गई हैं, जिनका उपयोग भविष्य में और भी बड़े आयोजनों के लिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड की मिट्टी मेहमाननवाज़ी, उत्साह और ऊर्जा से भरी हुई है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता आपसी मित्रता और खेल भावना को और मजबूत करेगी।
इस अवसर पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, श्वेता सिंह, सुरेश बैठा, सैफ अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट, पद्मश्री बहादुर सिंह सागू और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

