अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड सरकार की कल्याणकारी योजनाएं ज़मीन पर उतरती दिख रही हैं। मांडर प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित एक विशेष समारोह में राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कई लाभुकों को विभिन्न योजनाओं के तहत मदद पहुंचाई।
मंत्री ने इस मौके पर 131 छात्राओं को साइकिल वितरित की, जिससे अब वे आसानी से स्कूल जा सकेंगी। छात्राओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। 15 लाभुकों को ‘अबुआ आवास योजना’ के अंतर्गत गृह प्रवेश की चाबी सौंपी गई। इसके साथ ही सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत लाभुकों को वस्त्र भी दिए गए।
समारोह में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से वर्ष 2023-24 में सड़क दुर्घटनाओं, सर्पदंश और डूबने से हुई मौतों के आश्रितों को एक लाख से चार लाख रुपये तक की मुआवज़ा राशि के चेक भी वितरित किए गए।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “मैं आज मंत्री हूं, लेकिन मांडर के प्रति मेरी जवाबदेही पहले जैसी ही है। जो भी मुकाम हासिल किया है, वो मांडर की जनता की बदौलत है।”
उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन सरकार ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। जरूरत है कि जनता इन योजनाओं के बारे में जाने और बिचौलियों से बचकर सीधे लाभ ले।
मंत्री ने आगाह किया कि अक्सर योजना के नाम पर कुछ लोग भोले-भाले ग्रामीणों से पैसे ठगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसी को बिचौलियों को पैसे देने की जरूरत नहीं है। केवल निर्धारित अंशदान राशि ही एस्क्रो एकाउंट में जमा करनी होती है।
कार्यक्रम में अंचलाधिकारी चंचला, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, प्रखंड प्रमुख फिलीप सहाय एक्का, अमानत अंसारी, नसीम अंसारी, जमील मल्लिक, सेराफिना मिंज, सरिता तबारक खान समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

