अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : राजधानी रांची में कला और कल्पना का एक अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी स्वयं जादूगर सिकन्दर के प्रसिद्ध जादू शो को देखने पहुँचे। मंच पर हो रही रोमांचक जादुई प्रस्तुतियों को देखकर वे हैरान रह गए और लगातार तालियों से अपनी प्रशंसा व्यक्त करते रहे।
यह आयोजन मैजिक वर्ल्ड रांची की ओर से आयोजित किया गया था, जो पिछले तीन हफ्तों से रांची के नागरिकों को जादू की दुनिया में ले जा रहा है। हर दिन हाउसफुल चल रहे इस शो में बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक सभी सम्मोहित हो रहे हैं।
शो के दौरान जादूगर सिकन्दर को 51 किलो की विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति चिन्ह सहित अनेक सम्मान प्रदान किए गए। मंच पर कई नामचीन फनकार भी मौजूद थे, जिनमें बबलू टाइगर, प्रकाश भारती प्रमुख थे। इसके अलावा रांची के दो वरिष्ठ जादूगर एम एस भारती और ग्रेट मैजिक गुरु एस कुमार ने भी मंच की शोभा बढ़ाई।
नेता प्रतिपक्ष बाबू लाल मरांडी ने इस मौके पर कहा, “ऐसे कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि समाज को कला और अनुशासन का भी संदेश देते हैं। जादू कोई धोखा नहीं, बल्कि एक कठिन साधना और कला है। सिकन्दर जी ने इसे जिस स्तर तक पहुँचाया है, वह सराहनीय है।”
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसने राजनीति और रंगमंच को एक ही मंच पर ला खड़ा किया, जहाँ रचनात्मकता, प्रेरणा और नेतृत्व का संगम देखने को मिला। दर्शकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मैजिक वर्ल्ड रांची द्वारा किए गए इस आयोजन ने रांची की सांस्कृतिक पहचान को एक नई ऊँचाई दी है। जादूगर सिकन्दर की कला ने न केवल मनोरंजन दिया, बल्कि यह साबित किया कि सच्ची कला सीमाओं से परे होती है।

