अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : रांची जिला में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के मद्देनजर धुर्वा और कांके डैम की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रशासन ने सतर्कता बरती है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर 20 जून 2025 को दोनों डैम का निरीक्षण किया गया।
धुर्वा डैम का निरीक्षण अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक ने किया, जबकि कांके डैम का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार द्वारा किया गया। इस निरीक्षण में स्थानीय इंस्पेक्टर और मेंटेनेंस टीम के जूनियर इंजीनियर भी उपस्थित थे।
धुर्वा डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 10.5 फीट नीचे पाया गया, जिसकी कुल क्षमता 38 फीट है। अधिकारियों को जानकारी दी गई कि अभी डैम का कोई भी फाटक नहीं खोला गया है और सभी गेट अच्छी स्थिति में हैं। जूनियर इंजीनियर ने बताया कि डैम के फाटकों की मरम्मत दो महीने पहले की जा चुकी है और जरूरत पड़ने पर धीरे-धीरे गेट खोलने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कांके डैम का जलस्तर भी सामान्य है और खतरे के निशान से 2 फीट नीचे दर्ज किया गया। यहां एक फाटक खोला गया है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की और बताया कि आपात स्थिति में हूटर बजाने और निचले इलाकों को अलर्ट करने की व्यवस्था पहले से है।
दोनों डैम की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पूर्णतः दुरुस्त पाई गई। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अगर भविष्य में वर्षा और जल स्तर बढ़ता है तो सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम समय रहते उठाए जाएंगे।
प्रशासन की इस सक्रियता से यह स्पष्ट है कि किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

