अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची की 4/3 एनसीसी कंपनी और एनएसएस इकाई ने सदर अस्पताल, रांची के ब्लड बैंक में एक प्रेरणादायक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार और 3-झारखंड बटालियन एनसीसी के समादेशी पदाधिकारी कर्नल संतोष कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर 13 एनसीसी कैडेट्स ने रक्तदान किया, जिनमें एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. अवध बिहारी महतो के साथ एसयूओ अंकित कुमार, यूओ त्रिदेव कुमार, यूओ आदित्य कुमार राम, सार्जेंट ओमप्रकाश यदुवंशी, कैडेट पंकज पाहन, श्रीकांत मुंडा, अमित कुमार रवि, यशराज कुमार, कुमार शानू, मृदुल त्रिपाठी और शिवम् महली शामिल थे।
कैडेटों को देखकर प्रेरित होकर मीडिया की सोनाली जी सहित कई अन्य लोगों ने भी रक्तदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार मांझी ने की। उन्होंने कहा कि “रक्तदान एक पुण्य कार्य है जो किसी की जिंदगी बचा सकता है।”
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी सुशांत कुमार, एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती और रांची कैंसर फाउंडेशन के राज्य समन्वयक नीरज कौशिक ने उपस्थित होकर कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने रक्तदान शपथ भी ली और संकल्प लिया कि वे बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान करते रहेंगे। इस मौके पर लेफ्टिनेंट डॉ. अवध बिहारी महतो ने कहा कि “एनसीसी कैडेट्स देश सेवा के साथ-साथ जनसेवा में भी सदैव अग्रणी रहते हैं और यह आयोजन उसी भावना का हिस्सा है।”
प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि “आपकी मुस्कुराहट यह बयां कर रही है कि आप गर्व महसूस कर रहे हैं। यह रक्तदान निस्संदेह महादान है जो किसी जरूरतमंद को जीवनदान देगा।”

