Ranchi : समाहरणालय परिसर में आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए नई पहल की जा रही है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार समाहरणालय के ब्लॉक A और ब्लॉक B में लिफ्ट अपग्रेडेशन का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने इस कार्य से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और एजेंसी का चयन भी कर लिया गया है।
दोनों ब्लॉकों में 4-4 लिफ्टों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। नई लिफ्टों में अत्याधुनिक तकनीक, ऊर्जा-संरक्षण प्रणाली, स्वचालित नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और उच्च सुरक्षा मानक शामिल होंगे। इससे लिफ्टों की कार्यक्षमता, गति और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
समाहरणालय में रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक, वरिष्ठजन और दिव्यांगजन पहुंचते हैं। पुरानी लिफ्टों की धीमी रफ्तार और तकनीकी समस्याओं से अब उन्हें राहत मिलेगी। नई लिफ्टों के चालू होने के बाद परिसर में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो तथा कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। कार्य के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएँ भी की जा रही हैं।
यह पहल राँची समाहरणालय को आधुनिक, सुलभ और जनहितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



