Ramgarh News : रामगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को नई सफलता मिली है। जिले में डोडा तस्करी का जाल फैलाने की कोशिश कर रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 25 लाख रुपए मूल्य का डोडा भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात उन्हें गुप्त सूचना मिली कि पिकअप वैन से डोडा की तस्करी की जा रही है। यह वैन रामगढ़ होते हुए बोकारो और फिर गिरिडीह की ओर जा रही थी। सूचना मिलते ही उन्होंने एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद और रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरोबिंग चेकनाका के पास नाकेबंदी की।
इसी दौरान पुलिस ने एक ब्लू रंग की पिकअप वैन (नंबर JH 10 CW 7235) को रुकने का संकेत दिया। चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी भगा दी लेकिन पुलिस ने पीछा कर वैन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 18 बोरियों में भरा कुल 480 किलोग्राम डोडा बरामद किया। इस डोडा की कीमत बाजार में लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से गिरिडीह जिले के तीसरी गांव निवासी संदीप रजक और गांवा निवासी संतोष राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह डोडा पिठोरिया के जंगल क्षेत्र से लोड किया गया था और इसे गिरिडीह पहुंचाना था। तस्करों ने मुख्य मार्ग की बजाय पिठोरिया से पतरातु, रामगढ़ शहर और फिर बोकारो होते हुए गिरिडीह जाने का रास्ता चुना था ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें।
एसपी ने बताया कि इस तस्करी में गाड़ी मालिक, चालक, सहचालक और अन्य कई लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि डोडा सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी तरह के नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।



