Ranchi News : झारखंड पुलिस मुख्यालय के सभागार में सोमवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता ने हाल ही में पदोन्नत 23 उप पुलिस अधीक्षकों (DSP) को बैच लगाकर सम्मानित किया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिन अधिकारियों को सम्मानित किया गया, उनमें कुमुद सिन्हा, ज्योत्सना, अजय कुमार, इजाजुल हसन सिद्दीकी, सुशील कुमार, अजय कुमार साहू सहित कुल 23 नवप्रोन्नत डीएसपी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 25 जून 2025 को एक आदेश जारी करते हुए 64 इंस्पेक्टरों को डीएसपी पद पर पदोन्नत किया था, जिनमें से 23 अधिकारियों को सोमवार को औपचारिक रूप से बैच पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर DGP अनुराग गुप्ता ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल पदोन्नति नहीं बल्कि कर्तव्य, सेवा और जनहित में जिम्मेदारियों के नए दौर की शुरुआत है।
समारोह में ADG प्रिया दूबे, IG ए. विजयालक्ष्मी, डॉ. एस. माइकल राज समेत पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। यह आयोजन न सिर्फ नवप्रोन्नत अधिकारियों के लिए गौरव का क्षण रहा, बल्कि यह पूरी पुलिस व्यवस्था में उत्साह और प्रेरणा का संचार करने वाला साबित हुआ।



