Ranchi : जिला परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती दिखाते हुए सघन वाहन जाँच अभियान चलाया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के पर्यवेक्षण में दलादली, रिंग रोड और पंडरा क्षेत्र में चलाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने कुल 123 वाहनों की गहन जाँच की। इस दौरान फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, पथकर, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जाँच में 18 वाहन नियम उल्लंघन करते पाए गए। इनमें अपूर्ण कागजात और ओवरलोडिंग जैसी गड़बड़ियाँ शामिल थीं।
नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग ने 2,48,950 रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा 3 वाहनों को गंभीर उल्लंघन के कारण पंडरा ओपी में जप्त कर सुरक्षित रखा गया।
डीटीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक कागजात समय पर अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



