Hazaribagh : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में लागू आदर्श आचार संहिता के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार सघन वाहन जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा चेकपोस्ट पर गुरुवार शाम हुई जांच में पुलिस ने 16 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव केदार साव और सहायक निरीक्षक राज कुमार सिंह के नेतृत्व में स्टैटिक निगरानी टीम द्वारा वाहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान एक इर्टिगा कार (संख्या JH 02 BB 0702) को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन में सवार व्यक्ति आकृति कनौजिया, निवासी दक्षिण दिल्ली, के पास रखे एक सूटकेस से यह नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास इस बड़ी नकद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या उचित स्पष्टीकरण नहीं मिला। इसके बाद दंडाधिकारी केदार साव की देखरेख में बरामद राशि को विधिवत जब्त करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और राशि के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।
छापेमारी टीम में अंचल अधिकारी संजय कुमार यादव, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी अवधि में अवैध नकदी और लेन-देन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



