Ranchi : झारखंड में गर्मी का कहर तेज हो गया है। राज्य के अधिकांश जिलों में लू चलने की चेतावनी को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 12 मई से लेकर 16 मई तक अलग-अलग दिनों में कई जिलों में लू चल सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 12 मई को देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में लू की स्थिति बनने की संभावना है। इसके बाद 14 मई से गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में कहीं-कहीं लू चल सकती है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को धूप में ज्यादा समय न बिताने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 14, 15 और 16 मई को दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना भी जताई है। इससे कुछ इलाकों में गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है, लेकिन उमस की स्थिति बरकरार रहने की संभावना है।
रविवार को राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। शनिवार को हुई हल्की बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से कोई खास राहत नहीं मिली।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में 40.3 डिग्री, डालटेनगंज में 40.1 डिग्री, बोकारो में 39.5 डिग्री और चाईबासा में 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के व सूती कपड़े पहनें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।



