Chaibasa News: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा और सारंडा क्षेत्र में इन दिनों वायरल फीवर और मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए गुवा सेल अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां की बदहाल व्यवस्था मरीजों की तकलीफ को और बढ़ा रही है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की महिला उपाध्यक्ष चंद्रिका खण्डाईत के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ) डॉ. अशोक कुमार अमन से मुलाकात की।
बैठक में महिला यूनियन ने अस्पताल की खराब हालत पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने साफ-सफाई की कमी, शौचालय की जर्जर स्थिति, बेड पर बिछी गंदी चादरों, दवाओं की अनुपलब्धता और सीमित संख्या में बेड जैसी समस्याओं को तुरंत सुधारने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि बेहतर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं मिलने से मरीजों की हालत जल्दी सुधर सकती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था मरीजों के लिए अतिरिक्त मुसीबत बन गई है।
महिला उपाध्यक्ष चंद्रिका खण्डाईत ने कहा, “अगर अस्पताल में स्वच्छता और उचित व्यवस्था हो तो मरीजों की आधी बीमारी ऐसे ही दूर हो जाती है। लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।”
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार अमन ने यूनियन पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, महिला यूनियन ने चेतावनी भी दी कि यदि समय रहते अस्पताल की हालत में सुधार नहीं किया गया, तो वे सभी महिलाएं एकजुट होकर अस्पताल का घेराव करेंगी। उनका कहना है कि अब मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में कई महिला पदाधिकारी मौजूद थीं। इनमें चंद्रिका खण्डाईत (महिला उपाध्यक्ष), पार्वती दास, सीमा पूर्ति, हिलदा पूर्ति, नूतन सुंडी, लक्ष्मी बड़ाइक, गौरी दास, बिंदिया सामंत, नूपुर दास, अंजलि दास, आरती होरो, लक्ष्मी साहू और नीलिमा तिर्की शामिल थीं।



