Bokaro News: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बोकारो में शुक्रवार को खेलों का अनोखा जश्न देखने को मिला। एंजेला आर्चीज केंद्र की ओर से सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में मिनी मैराथन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 1500 धावकों ने हिस्सा लेकर पूरे मैदान का माहौल खेल-भावना से भर दिया।
मिनी मैराथन को तीन वर्गों में बांटा गया था। पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में कुलदीप यादव ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बबलू टुडू दूसरे और विशाल वर्मा तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ में रांची की पूजा सिंह ने बाजी मारी। अदिति रजक को दूसरा और अनिता दास को तीसरा स्थान मिला।
अंडर-15 वर्ग की 3 किलोमीटर दौड़ में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बालकों में विवेक कुमार साहू पहले, उपेंद्र कुमार दूसरे और कुणाल कुमार तीसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं में सुतापा मुखर्जी ने पहला स्थान पाया, जबकि राखी कुमारी और अनुपम मंडल क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए गए। प्रथम स्थान पर आने वाले धावकों को 10 हजार रुपये, दूसरे को 7 हजार, तीसरे को 5 हजार और चौथे-पांचवें स्थान पर रहने वालों को 1-1 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।



