रांची: राजधानी में अपकमिंग त्योहारों ईद और सरहुल को लेकर जश्न का माहौल है, लेकिन इस उत्साह के बीच सुरक्षा को लेकर प्रशासन कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहता। शुक्रवार की देर शाम रांची की सड़कों पर उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब शहर के व्यस्ततम इलाकों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी बल के साथ ‘फ्लैग मार्च’ निकाला।
बड़े अफसरों ने खुद संभाली कमान
सदर एसडीओ कुमार रजत के नेतृत्व में निकले इस मार्च में खाकी का सख्त और मानवीय चेहरा दोनों नजर आया। सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने खुद मोर्चे पर रहकर व्यवस्था का जायजा लिया। अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू हुआ यह कारवां डेली मार्केट, उर्दू लाइब्रेरी, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद और कर्बला चौक जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरा।
असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है—आम नागरिक बेखौफ होकर त्योहार मनाएं, लेकिन गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं होगी। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल हर मोड़ पर तैनात है और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। चर्च रोड और विक्रांत चौक होते हुए जब यह मार्च गुजरा, तो लोगों ने भी प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना की। प्रशासन की इस सक्रियता ने साफ कर दिया है कि रांची में भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार संपन्न कराना उनकी पहली प्राथमिकता है।



