अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : केंद्र सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार को केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है। इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह होंगे, जबकि राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। मंत्रालय के उप महानिदेशक अखिलेश कुमार द्वारा जारी संकल्प में समिति का पुनर्गठन किया गया, जिसमें संसद के कई सदस्य, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी सदस्य बनाए गए हैं।
विनय कुमार का पत्रकारिता में लंबा अनुभव है। उन्होंने बिहार और झारखंड के कई प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में कार्य किया है। वे इससे पहले उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ग्रामीण विकास और इस्पात मंत्रालय सहित केंद्र सरकार की विभिन्न समितियों में भी योगदान दे चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को बतौर पत्रकार कवर किया था।
मनोनयन के बाद विनय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास को निभाने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के खैरा प्रखंड के खैरा गांव के निवासी विनय कुमार हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।

