नई दिल्ली, | एजेंसी

अगर आप भी वियतनाम के सुंदर समुद्र तटों और वहां की संस्कृति को देखने का मन बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हाल ही में वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें वीजा फ्री एंट्री और सुरक्षा संबंधी नियमों को लेकर यात्रियों को अलर्ट किया गया है।

अक्सर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर यह चर्चा रहती है कि वियतनाम भारतीयों को वीजा फ्री एंट्री दे रहा है, लेकिन दूतावास ने इस भ्रम को दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल फु कोक आइलैंड तक ही सीमित है। यदि आप हनोई, हो ची मिन्ह सिटी या वियतनाम के किसी भी मुख्य शहर (मेनलैंड) में जाना चाहते हैं, तो आपके पास उचित वीजा होना अनिवार्य है। दूतावास ने विशेष रूप से यह सलाह दी है कि भले ही आप सिर्फ फु कोक आइलैंड घूमने जा रहे हों, फिर भी एहतियात के तौर पर वियतनाम का वीजा जरूर ले लें। ऐसा इसलिए क्योंकि अचानक बने हालातों, जैसे मेडिकल इमरजेंसी, फ्लाइट में देरी या खराब मौसम के चलते अगर आपको मेनलैंड जाना पड़ा, तो बिना वीजा के आप बड़ी मुश्किल में फंस सकते हैं और इमीग्रेशन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Read more: देसी शादियों पर चढ़ा विदेशी खुमार: सात फेरों के लिए थाईलैंड बना नंबर-1!

सुरक्षा के पहलू पर बात करते हुए दूतावास ने पासपोर्ट खोने की स्थिति पर भी विशेष जोर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूतावास ने कहा है कि यदि यात्रा के दौरान आपका पासपोर्ट गुम हो जाता है, तो बिना देरी किए स्थानीय पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस रिपोर्ट की कॉपी को दूतावास में जमा करना अनिवार्य है ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके। हालांकि, भारतीय दूतावास अपनी ओर से उसी दिन ‘इमरजेंसी सर्टिफिकेट’ या जरूरी दस्तावेज जारी करने की कोशिश करता है, लेकिन वियतनाम के स्थानीय अधिकारियों के पास कागजी कार्रवाई पूरी होने में कम से कम 3 से 5 दिन का वक्त लग जाता है। कभी-कभी यह समय और भी बढ़ सकता है, और इस दौरान यात्री को अनिवार्य रूप से वियतनाम में ही रुकना पड़ेगा। इसलिए, अपनी यात्रा की योजना इन नियमों को ध्यान में रखकर ही बनाएं ताकि आपकी विदेश यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।

Read more: भारत-EU की मेगा डील: कपड़ा निर्यात होगा 5 गुना, लाखों को मिलेगी नौकरी

Share.
Exit mobile version