Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के मार्गदर्शन में राँची जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पूर्व योगात्मक मूल्यांकन प्री SA-1 परीक्षा का सफल आयोजन हुआ। इस परीक्षा में वर्ग प्रथम से अष्टम तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

जिले के कुल 2128 विद्यालयों में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 86 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई और कुल 1,67,851 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालयों में बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच परीक्षा को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

यह परीक्षा जिला प्रशासन की अनूठी पहल TEAM (Testing Evaluation Assessment and Mentoring) प्रोजेक्ट के तहत कराई गई, जिसका उद्देश्य बच्चों के अधिगम स्तर का मूल्यांकन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार है। विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार प्रारूप आधारित प्रश्नपत्रों से आज हिन्दी और विज्ञान की परीक्षा ली गई। वहीं, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए उर्दू की भी परीक्षा आयोजित की गई।

परीक्षा को सुचारु बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड स्तर पर परीक्षा कोषांग गठित किया गया और अधिकारियों व शिक्षकों को निरीक्षण का दायित्व सौंपा गया। डीएसई बादल राज ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया और बच्चों की उत्साही भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया। आगामी 30 अगस्त और 1 सितम्बर 2025 को भी परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

Share.
Exit mobile version