Chatra News: अपराध पर नकेल कसने के लिए चतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय बदमाशों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान गया जिले के आमस थाना क्षेत्र निवासी रविंद्र पासवान और हंटरगंज प्रखंड के सोनपुर बिगहा गांव निवासी उमेश पासवान के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को सूचना मिली थी कि हंटरगंज के खगड़वाटांड इलाके में दो संदिग्ध युवक बिना नंबर की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर घूम रहे हैं। सूचना पर तुरंत एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया और इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका और तलाशी में लोडेड देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, लॉक तोड़ने का औजार, लोहे की रॉड और करीब 42 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया। पुलिस का मानना है कि ये बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



