Patna :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज पटना पहुंचे, जहां उन्होंने राजद की वरिष्ठ नेता एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सोरेन ने लालू प्रसाद यादव का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक-आर्थिक हालात, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेनने कहा कि लालू प्रसाद यादव संघर्ष और न्याय की राजनीति के प्रतीक हैं। उन्होंने हमेशा गरीबों, पिछड़ों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से लोकतंत्र तथा सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती मिली है।
सोरेन ने आगे कहा कि झारखंड और बिहार के बीच ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। इन रिश्तों को मजबूत बनाकर दोनों राज्यों का आपसी सहयोग क्षेत्र के विकास को और तेज़ी से आगे बढ़ा सकता है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, परिवार के अन्य सदस्य और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।