अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत खेतली पंचायत के सिरमी ग्राम में सोमवार की रात वज्रपात से बड़ा नुकसान हो गया। तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली सीधे गांव में स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर पर आ गिरी, जिससे वह पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे अचानक तेज धमाका हुआ और ट्रांसफार्मर से आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
ट्रांसफार्मर के जल जाने से सिरमी ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा छा गया है। बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक कार्यों में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को शाम ढलते ही घुप्प अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष सह खेतली पंचायत के उपमुखिया जवाहर कवर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी लेकर तत्काल विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया।
उपमुखिया ने विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गांव में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो सके। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से होने वाली क्षति को कम किया जा सके।

