India News: विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर के दर्शन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए आज का दिन बेहद खास है। अब भगवान बालाजी के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों कतार में लगकर पसीना बहाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। श्रीवाणी ट्रस्ट ने अपनी नई पहल के तहत आज, 9 जनवरी 2026 से, ट्रायल बेसिस पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। अब श्रद्धालु घर बैठे ही अपने दर्शन प्लान कर सकते हैं।

सिर्फ 5 घंटे खुलेगी बुकिंग खिड़की

ट्रस्ट द्वारा जारी नई गाइडलाइन के अनुसार, ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग रोजाना सुबह 9 बजे शुरू होगी और दोपहर 2 बजे बंद कर दी जाएगी। जो श्रद्धालु ऑनलाइन टिकट बुक करेंगे, वे उसी दिन शाम 4 बजे तक दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। इस व्यवस्था को फिलहाल एक महीने के ट्रायल पर रखा गया है, जिसकी सफलता के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

“डिजिटल बुकिंग से बचेगा समय, भक्तों को मिलेगी कतारों से मुक्ति”

एक साथ कर सकेंगे पूरे परिवार की बुकिंग

मंदिर प्रशासन ने ऑफलाइन काउंटर्स के बोझ को कम करने के लिए 800 श्रीवाणी ब्रेक दर्शन टिकटों को ऑनलाइन कोटा में शिफ्ट कर दिया है। इसके अतिरिक्त, 500 एडवांस टिकट भी जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि एक व्यक्ति अपने साथ अधिकतम चार लोगों यानी पूरे परिवार के लिए एक साथ बुकिंग कर सकता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे डिजिटल माध्यम का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन बेहतर हो सके।

ट्रायल के बाद लिया जाएगा स्थाई निर्णय

टीटीडी (TTD) अधिकारियों का कहना है कि श्रीवाणी दर्शन के समय और श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया को देखते हुए इस व्यवस्था पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। फिलहाल, इस कदम को मंदिर के आधुनिकीकरण और दर्शनार्थियों की सुविधा की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version