Palamu News: पलामू में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। शुक्रवार को उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस दौरान अगस्त महीने में की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

डीएमओ सुनील कुमार ने बताया कि अब तक अवैध खनन और परिवहन में शामिल कुल 64 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही 36 लाख 36 हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया है। इतना ही नहीं, नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

जिला परिवहन कार्यालय ने भी सख्ती दिखाते हुए 21 वाहनों को जब्त किया और करीब 6 लाख 40 हजार रुपये जुर्माना वसूला। वहीं विभिन्न अंचलों में हुई कार्रवाई में 42 वाहन जब्त हुए, जिनमें सबसे अधिक 9 वाहन छत्तरपुर से पकड़े गए।

अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने के लिए चार अंचलों में 13 जगह अस्थायी चेकनाका बनाए गए हैं। एनजीटी की रोक के बावजूद पांच ट्रैक्टरों को पकड़ा गया और एफआईआर दर्ज की गई। डीएमओ ने बताया कि 17 जगह ट्रेंच कटिंग की गई है और 25 चौकीदारों की नियुक्ति की गई है ताकि अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।

बैठक में डीसी ने सभी सीओ को निर्देश दिया कि खनन से जुड़ी कार्रवाई की रिपोर्ट निर्धारित बैठक से पांच दिन पहले खनन कार्यालय को भेजी जाए। इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, तीनों एसडीओ, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version