Kodarma news: बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्नीक कोडरमा परिसर मे ग्रुप हैडक्वार्टर हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन की एनसीसी कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार सेना मेडल के कुशल नेतृत्व में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 650 एनसीसी कैडेट्स सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
शिविर के दौरान कैडेट्स द्वारा सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। प्रशिक्षण के अंतर्गत फायरिंग ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, टेंट पिचिंग एवं मैप रीडिंग जैसी गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही थल सेना कैंप चयन प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।
संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान “ऑपरेशन सिंदूर” की वर्षगांठ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर देशभक्ति एवं वीर सैनिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय सेना के शौर्य, साहस एवं बलिदान को नमन किया गया। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए एनसीसी अधिकारियों के मार्गदर्शन में कैडेट्स द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय जागरूकता पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कैडेट्स ने “ऑपरेशन सिंदूर” के महत्व, देश के वीर जवानों के साहस, त्याग, बलिदान तथा राष्ट्र सुरक्षा में उनके समर्पण को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। कैडेट्स की प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों को भावुक कर दिया । तथा पूरे शिविर परिसर में देशभक्ति का वातावरण व्याप्त हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार सेना मेडल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना का पराक्रम, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा की भावना प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को सदैव “एकता और अनुशासन” के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
शिविर में साइबर क्राइम विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन भी किया गया, जिसमें साइबर क्राइम निरीक्षक अरविंद कुमार एवं उनके तकनीकी विशेषज्ञ अक्षय कुमार ने कैडेट्स को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। माहेश्वरी के डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार के द्वारा एनसीसी कैडेटस कम्युनिकेशन के ऊपर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम के उपरांत सूबेदार मेजर जी. के. चौधरी एवं ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह द्वारा अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल संचालन में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट जेने एलिस मिंज, सेकंड ऑफिसर नवीन चौधरी, सेकंड ऑफिसर अमलेश कुमार, सेकंड ऑफिसर अभय नारायण, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा एवं उर्वशी, सूबेदार चंपा मुरमू, सूबेदार आर. एन. हेबरम, जतरू तिर्की, नायब सूबेदार शशि कुमार, नायब सूबेदार विकास कुमार सिंह, ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा, हवलदार अजीत कुमार, हवलदार आदित्य मिश्रा, कार्यालय प्रधान सहायक राजेश कुमार, रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक विजय कुमार तथा एलडीसी सोहित कुमार सिंह महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।



