Ranchi News: अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सहजानंद चौक के पास शनिवार को दिनदहाड़े एक कारोबारी से तीन लाख रुपये लूट लिए गए। वारदात को दो बाइक सवार बदमाशों ने उस वक्त अंजाम दिया, जब व्यवसायी मनोरंजन मनीष अपने मित्र के साथ स्कूटी से जा रहे थे। लुटेरों ने पहले कारोबारी के शरीर पर खुजली वाला पाउडर फेंका, जिससे वह असहज हो गए और दवा लेने के लिए रुक गए।
दवा लेने के बाद जब वे फिर से स्कूटी से सहजानंद चौक पहुंचे और एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर रुके, तब यह घटना हुई। उस समय वह अपने बाएं हाथ से फोन पर बात कर रहे थे और दाहिने कंधे पर रुपयों से भरा बैग लटका हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर बैग लेकर फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 1.28 बजे की है और यह पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि, बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि बदमाश पहले से ही बैंक से कारोबारी का पीछा कर रहे थे। उन्हें अंदेशा था कि खुजली की वजह से व्यवसायी रास्ते में रुकेंगे और तब वे बैग छीनने का मौका ढूंढेंगे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने में ओड़िशा के एक गैंग की संलिप्तता हो सकती है, जो पहले भी इसी तरह की घटनाएं कर चुका है। फिलहाल अरगोड़ा थाना पुलिस और हटिया डीएसपी मामले की जांच में जुटे हुए हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



