अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Palamu News : जिले में हुसैनाबाद पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो नाबालिग सहित तीन लोगों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। सूचना के अनुसार, लंगरकोट पहाड़ी मंदिर के नीचे से बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर एक युवक विशुनपुर गांव की ओर घूम रहा था। जैसे ही यह खबर पुलिस तक पहुंची, वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और संध्या गश्ती पर तैनात पुलिस दल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने विशुनपुर गांव के तीनमुहान के पास एक युवक को बिना नंबर प्लेट वाली बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल की त्वरित कार्रवाई में उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अभय कुमार (20), ग्राम ढेलहा निवासी के रूप में हुई। पूछताछ में अभय कुमार ने स्वीकार किया कि इस चोरी में उसके दो और दोस्त भी शामिल हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिनमें दो हीरो स्प्लेंडर और एक हीरो सीडी डीलक्स शामिल है।
पुलिस ने अभय कुमार के अलावा दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ छोटू सिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हुसैनाबाद थाना में इस मामले से संबंधित एक कांड दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों और निरुद्ध किशोरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में हुसैनाबाद थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, अवर निरीक्षक रमण यादव, बबलू कुमार, बिरेन्द्र कुमार मेहता, मुकेश कुमार सिंह, कमल किशोर पाण्डेय, आरक्षी हरिन्द्र राम, रमेश कुमार नट और सुरेन्द्र पाल शामिल थे।

