अपनी भाषा चुनेें :
Palamu: सामाजिक कार्यों के जरिए अपनी अलग पहचान बना चुकी आयशा सिंह ने अब राजनीति में कदम रख दिया है। थर्ड जेंडर समुदाय से आने वाली आयशा सिंह ने विधायक जयराम महतो की मौजूदगी में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने के बाद आयशा सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह आगामी मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए JLKM समर्थित प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करेंगी। उनके इस फैसले से पलामू की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
इस खबर को भी पढ़ें : रांची में ‘टाइगर’ की दहाड़: जयराम महतो कर रहे अल्पसंख्यक समाज को एकजुट?
आयशा सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक क्षेत्र में काम कर रही हैं और शहर की जमीनी समस्याओं को करीब से समझती हैं। उनका लक्ष्य मेदिनीनगर को एक स्वच्छ, सुरक्षित और समावेशी शहर बनाना है, जहां हर वर्ग, हर समुदाय और खासकर हाशिए पर खड़े लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि राजनीति को सिर्फ सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का जरिया बनाना चाहती हैं। आयशा के अनुसार, अगर जनता का समर्थन मिला तो वह शहर के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक समानता को प्राथमिकता देंगी।
आयशा सिंह की JLKM में एंट्री को पार्टी के लिए भी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके जुड़ने से पार्टी को युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में नई ऊर्जा और समर्थन मिल सकता है।



