Ranchi : मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर में शनिवार को एक अहम प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के संयुक्त प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी ने मीडिया के समक्ष अपने विचार रखे।
इसी क्रम में लोकसभा सांसद रघुराम रेड्डी, जोबा मांझी, सुखदेव भगत, कालीचरण मुंडा, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और सरफराज अहमद भी प्रेस वार्ता में शामिल हुए। नेताओं की इस उपस्थिति से साफ संदेश गया कि उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन पूरी तरह सक्रिय है और विपक्ष की ओर से एक मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी पद का चुनाव नहीं, बल्कि देश की अस्मिता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का सवाल है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सहयोग से वह इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी यह संदेश दिया कि भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली का लोकतांत्रिक तरीक़े से मुकाबला किया जाएगा। उनका कहना था कि यह चुनाव INDIA गठबंधन के लिए केवल एक चुनाव नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को बचाने की मुहिम है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने यह विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में जनता की सोच और समर्थन INDIA गठबंधन को और सशक्त बनाएगा। रांची की इस प्रेस वार्ता ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है और अब सबकी निगाहें उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं।



