रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के मैदान में आगामी 14 से 16 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय ‘किसान एग्रोटेक मेला-2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस राज्यस्तरीय मेले का उद्देश्य झारखंड के किसानों को खेती की नई और आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराना है।
शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. सी. दुबे ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आधिकारिक निमंत्रण सौंपा। डॉ. दुबे ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की 80% आबादी कृषि पर निर्भर है, ऐसे में किसानों को उन्नत बीजों, यंत्रों और तकनीक से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। मेले में विभिन्न जिलों के किसान भाग लेंगे, जहां उन्हें पशुपालन, बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों से परामर्श मिलेगा।



