Palamu : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कुदागा कला गांव में शनिवार देर रात 65 वर्षीय बुजुर्ग निजामुद्दीन अंसारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर के पीछे बने बंद शौचालय में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी (40 वर्ष) तथा उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मृतक और उनके बड़े बेटे के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के लोगों का कहना है कि अनीश अंसारी कई बार अपने पिता को जान से मारने की धमकी दे चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, मामला थाना और कोर्ट दोनों में चल रहा था, और कई बार पंचायत भी की गई थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं पाया।
शनिवार की रात लगभग 9 बजे परिवार के लोग जब निजामुद्दीन को ढूंढने लगे, तब उनका शव घर के पीछे बंद पड़े शौचालय में मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। मृतक के छोटे बेटे उस रात अपने ससुराल गए हुए थे, जबकि पोता, जो नशे का आदी बताया गया है, घटना के बाद से फरार है। ग्रामीणों ने बताया कि हत्या के समय घर पर सिर्फ बुजुर्ग ही मौजूद थे, जिससे शक और गहरा गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है-पारिवारिक विवाद, जमीन का झगड़ा और पोते की भूमिका सभी की पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा कि “पूछताछ जारी है, और जल्द ही हत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ जाएगी।”
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस बीच पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पारिवारिक बयान के आधार पर मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।



