रामगढ़: जिले में संगठित अपराध और गैंगवार की कमर तोड़ने के लिए पुलिस कप्तान (एसपी) अजय कुमार ने एक अभेद्य ‘चक्रव्यूह’ तैयार किया है। इस रणनीतिक घेराबंदी में कुख्यात राहुल दुबे गैंग पूरी तरह फंस चुका है। सोमवार को इस अभियान के तहत पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग का मुख्य शूटर सनी सिंह पुलिस की गोली का शिकार होकर घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

एके-47 के साथ मैदान में पुलिस

अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को देखते हुए एसपी अजय कुमार ने जिले के पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपराधी किसी भी सूरत में बचने नहीं चाहिए। खास बात यह है कि पुलिस अधिकारियों को एके-47 जैसे आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है ताकि वे अपराधियों के आतंक का मुंहतोड़ जवाब दे सकें। एसपी की इस सख्ती का असर धरातल पर दिखने लगा है।

ताबड़तोड़ छापेमारी और गिरफ्तारियां

पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क फोर्स (STF) हर दिन गैंग के ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस टीम में पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह और कई थानों के प्रभारी शामिल हैं। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार की रात पतरातू में हुई कार्रवाई में गैंग के 7 सदस्यों को हथियारों के साथ दबोचकर जेल भेजा गया था। इस निरंतर दबाव के कारण राहुल दुबे गैंग की कमर टूट चुकी है और उनके गुर्गे अब अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।

वर्चस्व की जंग पर पुलिस का प्रहार

एसपी अजय कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जिले में किसी भी अपराधी का वर्चस्व कायम नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी दी है कि वे आम लोगों और व्यापारियों को धमकी देना बंद कर दें, अन्यथा उनका सामना पुलिस की गोलियों से होगा। फिलहाल, भुरकुंडा, भदानी नगर और बरकाकाना जैसे इलाकों में पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इस ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ ने अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है और आम जनता ने पुलिस की इस कार्रवाई पर संतोष जताया है।

Share.
Exit mobile version