जमशेदपुर | रिपोर्टर
बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित लोको रनिंग रूम के पास देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र का निवासी बताएं जा रहे हैं। घटनास्थल से पुलिस ने खोखा बरामद किया है और जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद अपराधी बागबेड़ा की ओर भाग निकले।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे, लेकिन इसके साथ ही वे जमीन से जुड़े कारोबार में भी सक्रिय थे। बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग क्षेत्र में समतलीकरण कार्य की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे व्यवसायिक विवाद या आपसी रंजिश तो कारण नहीं है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिटी एसपी ललित मीणा ने मीडिया को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



