Chakradharpur News: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी और जरूरी खबर है। टाटानगर, चक्रधरपुर और राउरकेला रेलखंड पर जंगली हाथियों के झुंड की लगातार आवाजाही ने रेल प्रशासन की नींद उड़ा दी है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रेलवे ने 18 और 19 दिसंबर 2025 को इस मार्ग पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का कड़ा फैसला लिया है।
इन ट्रेनों के पहिए रहेंगे थमे, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रद्द होने वाली मुख्य ट्रेनों में टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू, चक्रधरपुर–राउरकेला–चक्रधरपुर मेमू, और रांची–झारसुगुड़ा–रांची मेमू शामिल हैं। इसके अलावा राउरकेला–झारसुगुड़ा और बरामपुड़ा–बिसरा पैसेंजर ट्रेनें भी 18 और 19 दिसंबर को पटरी पर नहीं उतरेंगी। अचानक हुए इस फैसले से दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला: किसी भी जोखिम से बचाव
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नक्सन-राउरकेला और चक्रधरपुर-राउरकेला के बीच घने जंगलों वाले इलाकों में हाथियों की मौजूदगी देखी गई है। रात और सुबह के वक्त हाथियों के पटरियों पर आने से गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। किसी भी जान-माल के नुकसान से बचने के लिए प्रशासन ने ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद किया है। स्टेशन मास्टर ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक ऐप के जरिए अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।



