Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से टाटा मोटर्स लिमिटेड के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन वाहनों के निर्माण को लेकर चल रही गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को टाटा मोटर्स द्वारा हाइड्रोजन इंजन और इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माण के क्षेत्र में की जा रही पहलों की जानकारी दी। साथ ही कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में विस्तार योजनाएं, अनुसंधान कार्य और उत्पादन के संभावित क्षेत्रों पर भी विस्तार से बातचीत की गई। टाटा मोटर्स का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में झारखंड को इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र बनाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे। वहीं, टाटा मोटर्स की ओर से ग्लोबल हेड – गवर्नमेंट पब्लिक अफेयर्स सुशांत चंद्रकांत नाईक, वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशन्स विशाल बादशाह, प्लांट हेड टाटा कमिंस अनितेश मोंगा, गवर्नमेंट अफेयर्स टीम के कनिष्क कुमार, सिद्धार्थ बक्शी, जोकिम सलताना और फाइनेंस टीम के पंकज पटवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस बैठक के जरिए टाटा मोटर्स और झारखंड सरकार के बीच हरित ऊर्जा और सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन को लेकर सहयोग की नई संभावनाएं खुलती दिख रही हैं। यह राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



