Bihar News: पूर्णिया के चर्चित तनिष्क शोरूम लूटकांड में वांछित चुनमुन झा को अररिया में एसटीएफ ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में चुनमुन झा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। अररिया सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उसका एक साथी मौके से भाग निकला। एनकाउंटर में पांच पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अररिया सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ प्रदीप कुमार ने अपराधी चुनमुन झा की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि उसे 6 से 7 गोलियां लगी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल पाएगा कि कुल कितनी गोलियां लगी हैं। वहीं इस मुठभेड़ में एसटीएफ के तीन जवान और नरपतगंज थाना प्रभारी विकास कुमार भी जख्मी हो गए हैं। घायल सभी पुलिसकर्मियों का इलाज नरपतगंज अस्पताल में चल रहा है।
नरपतगंज के थलहा नहर के समीप हुए एनकाउंटर के बाद एसपी अंजनी कुमार, एसडीपीओ राम पुकार सिंह और सीडीपीओ मुकेश शाह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पंहुचे हैं। पुलिस एनकाउंटर में मारा गया अपराधी अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के मजलिसपुर गांव का रहने वाला था। एसपी अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की धर पकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में यह एनकाउंटर हुआहै।



