India News: पंजाब के सीमावर्ती जिलों में सोमवार रात तनाव और दहशत का माहौल देखने को मिला। होशियारपुर और जालंधर में देर रात संदिग्ध ड्रोन देखे गए, जिन्हें पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई में मार गिराया गया। इस दौरान होशियारपुर में मिसाइल जैसे टुकड़े भी बरामद हुए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है।

ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए राज्य सरकार ने अमृतसर, पठानकोट, तरनतारण और फाजिल्का जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया है।

जालंधर प्रशासन के मुताबिक, गांव मंड के पास एक ड्रोन को मार गिराया गया। यहां के खेतों में मिसाइल जैसे कुछ टुकड़े पाए गए, जिसके बाद इलाके की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई। वहीं, होशियारपुर में एक और ड्रोन को देखा गया, जो जालंधर की ओर बढ़ रहा था। सुरक्षा बलों ने उच्ची बस्सी गांव में उसे फायरिंग कर गिरा दिया।

ड्रोन गिराए जाने की इन घटनाओं पर अब तक सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पंजाब पुलिस ने पुष्टि की है कि बरामद टुकड़ों को सेना को सौंप दिया गया है।

इन हालात के मद्देनजर इंडिगो एयरलाइंस ने भी अमृतसर और चंडीगढ़ के लिए अपनी उड़ानों को 13 मई को रद्द कर दिया है और यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

पुलिस और सुरक्षा बल इन घटनाओं को पाकिस्तान से संभावित ड्रोन गतिविधियों के रूप में देख रहे हैं, हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

Share.
Exit mobile version