Ranchi : जिले में शिक्षा और छात्रों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की पहल पर शुरू की गई ‘अबुआ साथी व्हाट्सएप सेवा (9430328080)’ के माध्यम से छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाकर प्रशासन ने यह सिद्ध किया है कि वह छात्रों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संजीदा है।
हाल ही में जिले के तीन छात्रों संगम कुमार (एमबीए छात्र, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, मनातू), राज कुमार (बीबीए छात्र, श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय) और आस्था तिर्की (लॉ द्वितीय वर्ष, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी) ने छात्रवृत्ति भुगतान में देरी की शिकायत अबुआ साथी व्हाट्सएप सेवा के माध्यम से दर्ज कराई थी। जिला प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों छात्रों की बकाया छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया।
छात्रों ने जताया आभार
राशि प्राप्त होने के बाद तीनों छात्रों ने जिला प्रशासन का आभार प्रकट किया। संगम कुमार ने कहा, “छात्रवृत्ति में देरी से हम चिंतित थे, लेकिन अबुआ साथी सेवा के माध्यम से हमारी समस्या का तुरंत समाधान हुआ। अब हम पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।”
राज कुमार ने कहा, “यह राशि मेरे लिए बहुत अहम थी। प्रशासन की तेजी से यह भरोसा बढ़ा है कि हमारी समस्याएं सुनी और सुलझाई जाती हैं।”
वहीं, आस्था तिर्की ने कहा, “अबुआ साथी ने न सिर्फ हमारी शिकायत को गंभीरता से लिया, बल्कि जल्दी समाधान भी दिया। यह पहल दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक है।”
अबुआ साथी सेवा: तकनीक और संवेदनशीलता का मेल
अबुआ साथी व्हाट्सएप सेवा को रांची जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं और छात्रों की समस्याओं को शीघ्रता से सुलझाने के लिए शुरू किया है। यह सेवा सीधे प्रशासन से जुड़ने और अपनी समस्याएं बताने का सरल और प्रभावी माध्यम बन गई है। छात्रवृत्ति जैसी गंभीर समस्या पर त्वरित समाधान कर प्रशासन ने यह दिखाया है कि वह केवल योजनाएं नहीं बनाता, बल्कि ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन में भी पूरी ईमानदारी से काम करता है।
शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रांची प्रशासन
रांची जिला प्रशासन शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्रों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। अबुआ साथी सेवा न केवल समस्याओं का समाधान देती है, बल्कि एक भरोसेमंद व्यवस्था भी बन गई है जिससे आम जनता का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हो रहा है।



