अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
East Singhbhum : बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप यादव ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और हीरे से भरे बैग को उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया। कीमती सामान मिलने के बावजूद उन्होंने न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई बल्कि पुलिस विभाग की साख को भी और मजबूत किया।
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर निवासी गुरुचरण गोराई 26 सितंबर को टेंपो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्यूब कंपनी गेट के पास उनका कीमती बैग गलती से गिर गया। बैग खोने के बाद उन्होंने तुरंत बर्मामाइंस थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप यादव ने सक्रियता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की और मेहनत के बाद बैग को बरामद करने में सफलता पाई।
बरामद बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, निकोन कैमरा, सोने का हार, पांच सोने की अंगूठियां, दो हीरे की अंगूठियां, सोने के झुमके, कान के बटन, हीरे की बालियां और सोने का लॉकेट सहित अन्य गहने सुरक्षित मिले। सामान वापस मिलने पर गुरुचरण गोराई और उनका परिवार खुशी से झूम उठा। उन्होंने थाना प्रभारी दिलीप यादव और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
स्थानीय लोग भी थाना प्रभारी की ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं। इस घटना ने साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक ही सीमित नहीं, बल्कि समाज में भरोसे और विश्वास की पहचान भी है।

