अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : डाक विभाग ने झारखंड में आधुनिक और युवा-केंद्रित डाक सेवाओं की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए आईआईएम रांची परिसर में राज्य के पहले जेन-जेड पोस्ट ऑफिस (पोस्ट कैफे) का शुभारंभ किया। सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में झारखंड डाक परिमंडल के निदेशक राम विलास चौधरी, आईआईएम रांची के शासी मंडल सदस्य ओम प्रकाश सिंघानिया तथा संस्थान के निदेशक प्रो. दीपक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस अभिनव पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर निदेशक राम विलास चौधरी ने बताया कि नवस्थापित जेन-जेड पोस्ट ऑफिस को पिन कोड 834017 प्रदान किया गया है। इससे आईआईएम रांची परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को आधुनिक, डिजिटल और सशक्त डाक सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की परिकल्पना पर आधारित है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अनुभवात्मक और तकनीक-संचालित डाक सेवाओं से जोड़ना है।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक रूपक कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि यह पोस्ट ऑफिस केवल पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पोस्ट कैफे और अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां रजिस्टर्ड पोस्ट, पार्सल सेवा, डाक बचत योजनाएं, बीमा, फिलैटली और ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही डिजिटल भुगतान, क्यूआर-कोड आधारित सेवाएं और ऑनलाइन ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
वक्ताओं ने इसे ‘नए भारत’ के लिए ‘नई डाक’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह मॉडल भविष्य में अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। समारोह में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आईआईएम रांची के अधिकारी, कर्मचारी और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

