Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत संचालित केंद्रीय प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम पर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रविशंकर मिश्रा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान बताया गया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना समेत अन्य योजनाओं का अंकेक्षण पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक है।
सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें समय पर पेंशन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने को कहा गया। अंकेक्षण प्रक्रिया में ग्रामसभा की भागीदारी अनिवार्य होगी।
सहायक निदेशक श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। वहीं उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि सभी अधिकारी जन-जागरूकता अभियान चलाएं और पारदर्शिता बनाए रखें, ताकि योजनाओं से वास्तविक लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके।



