अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड की सियासत में इन दिनों फोटो और वीडियो को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा हाल ही में बिना किसी सुरक्षा तामझाम के सादगी के साथ सचिवालय जाने की तस्वीरें चर्चा में हैं। जहाँ सत्ता पक्ष इसे सादगी की मिसाल बता रहा है, वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसे “शानदार पीआर स्टंट” करार देते हुए मुख्यमंत्री पर तीखा तंज कसा है।
रात के अंधेरे और जमीन के शौकीन
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तंज कसते हुए लिखा कि दिन के उजाले में वाहवाही लूटने की यह कला वाकई शानदार है। लेकिन, उन्होंने मुख्यमंत्री के “गुमनाम रात्रिकालीन दौरों” की ओर इशारा कर सनसनी फैला दी। मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रात के सन्नाटे में अपने एक पसंदीदा पुलिस अफसर के साथ चोरी-छिपे जमीन के प्लॉट का मुआयना करने निकलते हैं।
पारदर्शिता का सवाल
बाबूलाल ने सुझाव दिया कि अगर इन रात्रिकालीन मिशनों का भी सचिवालय वाली घटना की तरह प्रचार होता, तो जनता को आपकी ‘पारदर्शिता’ का बेहतर पता चलता। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा करने से जमीन दलालों और भ्रष्ट अफसरों को भी प्रोत्साहन मिलता और वे खुद कौड़ियों के भाव वाली जमीनों की जानकारी परोसते। मरांडी का यह हमला सीधे तौर पर मुख्यमंत्री की छवि पर प्रहार करने और भ्रष्टाचार के मुद्दों को हवा देने वाला है।

