Simdega:  झारखंड के सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गांव में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार की रात ही विशेष छापेमारी अभियान चलाया और घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी में जाते समय घेरा, सहेली ने भागकर बचाई जान— जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में एक सुनसान जगह का फायदा उठाकर आरोपियों ने दोनों बच्चियों को घेर लिया। पीड़िता की सहेली किसी तरह मौके से भागने में सफल रही और अपनी जान बचाई, लेकिन पीड़िता आरोपियों के चंगुल में फंस गई।

रात में ही पुलिस का एक्शन— आरोपी नाबालिग को पास के जंगल में ले गए जहां उन्होंने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। किसी तरह घर पहुँचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन तुरंत जलडेगा थाना पहुँचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बिना समय गंवाए रात में ही छापेमारी की और चारों आरोपियों को धर दबोचा।

आरोपियों में तीन नाबालिग— पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से तीन नाबालिग हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Read more: सिमडेगा पुलिस में हड़कंप: गिरदा ओपी प्रभारी पर 1 लाख घूस लेने का आरोप

Share.
Exit mobile version