अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bhagalpur News : बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र स्थित भवानीपुर गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह एक युवक और एक महिला की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की पहचान 22 वर्षीय बंटी कुमार सिंह और बाखरपुर निवासी एक महिला के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि दोनों की हत्या कर शवों को गंगा में फेंका गया है।
बंटी कुमार सिंह कुशालपुर का रहने वाला था और वह सियारम नामक व्यक्ति की स्कॉर्पियो गाड़ी चलाता था। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मृत महिला सियारम के साले की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि बंटी और महिला के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। परिजनों का आरोप है कि सियारम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में आकर उनकी हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक का एक हाथ टूटा हुआ था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
बंटी के पिता ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सियारम और उसके परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सियारम, उसके बेटे और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
बंटी के परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले वह काम पर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस दौरान उन्होंने कई बार उसे फोन किया, लेकिन हर बार संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तीसरे दिन बंटी और महिला का शव गंगा में तैरता मिला, जिससे पूरा परिवार सदमे में है।
डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच गहनता से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड की तह तक जाने की कोशिश में जुटी हुई है।

