Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा जंगल से मंगलवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। दीघा गांव निवासी जय मासी हेरेंज की बेटी सिरिया हेरेंज (10 वर्ष) सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह जंगल में सियाल पत्ता चुनने गई थी। इसी दौरान वह नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बिछाए गए आईईडी (IED) (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के संपर्क में आ गई।

विस्फोट इतना भयावह था कि सिरिया की मौके पर ही मौत हो गई, उसके पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जराईकेला थाना पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और शव बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में नक्सली अक्सर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगलों में आईईडी (IED) लगाते हैं, लेकिन इस बार उनकी हिंसा ने एक मासूम ग्रामीण बच्ची की जान ले ली।

घटना के बाद गांव में शोक, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

घटना से इलाके में दहशत और मातम छा गया है। ग्रामीणों ने नक्सलियों की ऐसी कायराना हरकत पर गहरा आक्रोश जताया और सरकार-प्रशासन से अपील की कि जंगल क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाये जाएं, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पुलिस ने पूरे इलाके को किया अलर्ट

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने कहा कि नक्सलियों की हिंसक रणनीति के कारण जंगल क्षेत्र के ग्रामीणों को निरंतर नुकसान उठाना पड़ रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है और घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश जारी किया है।

Share.
Exit mobile version