अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया। पीड़िता की मां ने थाने में आवेदन देकर कुल चार लोगों को आरोपित बताया।
पकरीबरमां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि किशोरी अपने सहेलियों के साथ सकरी नदी किनारे जलावन की लकड़ी लेने गई थी। इस दौरान प्यास लगने पर वह सहेलियों से अलग हो गई। चार युवक, जो शराब इकट्ठा कर रहे थे, ने उसे झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया।
पीड़िता की सहेलियों के घर पहुंचने पर घटना का पता चला। परिजन तुरंत नदी किनारे गए और अचेतावस्था में पड़ी किशोरी को पुलिस के हवाले किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की खोज शुरू की। छापेमारी के बाद श्यामलाल मांझी के पुत्र रेनु मांझी को चंडीपुर गांव से गिरफ्तार किया गया।
एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रेसवार्ता के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस अमानवीय घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

